तुर्की में है नाइजीरियन ठगों का सरगना,धागा बनाने वाली कंपनी के खाते से उड़ा दिए करोड़ों रुपये, इंटरपोल से मदद लेगी पुलिस

The 420 Team
2 Min Read
Follow us on Google News Follow The420.in on Google News

कानपुर के स्वरूप नगर की गणेशा ईकोटेक कंपनी के खाते से 2.45 करोड़ रुपये उड़ाने वाले नाइजीरियन ठगों के गैंग का सरगना मास्टरमाइंड कीजीटो इस समय तुर्की में है। पुलिस ने बैंकों को भेजे गए फर्जी ईमेल के यूनिफार्म रिसोर्स लोकेटर (URL) को ट्रेस करके यह जानकारी जुटाई है। उसे पकड़ने के लिए सीबीआई के जरिए इंटरपोल की मदद ली जाएगी। जरूरत पड़ी तो टीम तुर्की व नाइजीरिया भी जाएगी।

बता दें कि पालिस्टर धागा बनाने वाली कंपनी गणेशा ईकोटेक के खाते से गत अगस्त महीने में साइबर ठगों ने 13 खातों में 2.45 करोड़ रुपये जमा कराकर निकाल लिए थे। शातिर ठगों ने कंपनी के अधिकारी के नाम से बैंक को फर्जी ईमेल व 13 फर्जी कंपनियों के खातों का ब्योरा भेजा था। इसकी जानकारी होने पर कंपनी के अधिकारी ने स्वरूप नगर थाने में केस दर्ज कराया था।

इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान मुंबई और दिल्ली के तीन खातेदारों व फर्जी खातों का इंतजाम करने वाली एक महिला शहनाज को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। यही नहीं, इसी बीच बरेली में भी पुलिस ने नाइजीरियन नागरिक रॉबर्ट व एक खातेदार को गिरफ्तार किया था। रॉबर्ट वहां फरीदपुर के पिता-पुत्रों के खातों में जमा किए गए 80 लाख रुपये लेने आया था। रॉबर्ट से पूछताछ व खातों की जांच के बाद उसका 2.45 करोड़ रुपये की ठगी से लिंक सामने आया था। पुलिस अब तक रॉबर्ट को वारंट पर शहर नहीं ला सकी है।

इस दौरान पुलिस ने गिरफ्तार महिला शहनाज के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि उसका पति कीजीटो भी नाइजीरियन है और वही गिरोह का मास्टरमाइंड है। इसके बाद कीजीटो के बारे में पड़ताल शुरू हुई। आरोपियों के बैंक खातों, फोन नंबरों के साथ ही ईमेल के यूआरएल की जानकारी से सामने आया है कि कीजीटो वर्तमान में तुर्की में रह रहा है। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के लिए अब विदेश मंत्रालय व सीबीआई के स्तर पर कार्रवाई कराई जाएगी।

Follow The420.in on

 Telegram | Facebook | Twitter | LinkedIn | Instagram | YouTube