योगी सरकार का साइबर क्राइम पर शिकंजा, 385 जालसाज गिरफ्तार, साढ़े 5 करोड़ से ज्यादा की रकम बरामद

The 420 Team
3 Min Read
Follow us on Google News Follow The420.in on Google News

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर साइबर जालसाजों पर शिकंजा कसते हुए प्रदेश की साइबर क्राइम सेल ने एक साल में 385 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इनसे 5 करोड़ 63 लाख 47 हजार रुपये से ज्यादा की बरामद की गई है। एडिशनल चीफ सेक्रेटरी होम अवनीश अवस्थी ने इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रीजनल साइबर क्राइम थानों में अब तक कुल 528 के दर्ज किए गए हैं। इनमें से 126 मामलों में कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, बाकी बचे मामलों पर कार्रवाई हो रही है। महिलाओं के साथ होने वाले साइबर क्राइम के लिए महिला साइबर क्राइम सेल का भी संचालन हो रहा है।

अवनीश अवस्थी के अनुसार सूबे के साइबर थानों में पर्याप्त उपकरण और संसाधनों की व्यवस्था की गई है। शासन द्वारा नए साइबर थानों को और ज्यादा सुदृढ़ करने व डाटा संबंधी कार्यों को आधुनिक बनाने के लिए 32 करोड़ 80 लाख रुपये की धनराशि दी गई है। इस धनराशि से सभी साइबर थानों के साइबर लैब के लिए डाटाबेस मैनेजमेंट, फॉरेंसिक टूल्स, डेटा एनालिसिस सॉफ्टवेयर, डेटा एक्सट्रैक्शन साफ्टवेयर समेत अन्य उपकरणों की व्यवस्था करने की कोशिश की गई है।

साइबर क्राइम लैब के लिए 1300 से ज्यादा लोगों की ट्रेंनिंग
राज्य में अब तक नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCCRP) पर कुल 49 हजार 779 शिकायतें व मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स (MHA) से कुल 21 हजार 512 टिप लाइन शिकायतें मिली हैं। इन मामलों के निपटारे के लिए संबंधित जिलों और साइबर क्राइम थानों द्वारा कार्रवाई की जा रही है। साइबर क्राइम मुख्यालय ने अब तक कुल 12 हजार 547 संदिग्ध मोबाइल नंबरों को बंद कराए जाने की रिपोर्ट दी है। साइबर क्राइम के छानबीन को लेकर संचालित लैब के लिए अब तक कुल 1363 पुलिस और न्यायिक अफसरों को प्रशिक्षित किया जा चुका है।

ऐसे करें साइबर अपराधों की शिकायत
साइबर थाना लखनऊ व गौतमबुद्धनगर को छोड़कर सभी 16 जोनल स्तर पर एक-एक साइबर क्राइम थाने की स्थापना की गई है। ये थाने आगरा, अलीगढ़, प्रयागराज, चित्रकूट धाम (बांदा), बरेली, मुरादाबाद, गोरखपुर, बस्ती, देवीपाटन (गोंडा), कानपुर, झांसी, अयोध्या, सहारनपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर व वाराणसी जिलों में हैं। थानों के प्रभावी संचालन के लिए शासन ने 384 पद रखे हैं। एडिशनल डीजीपी साइबर क्राइम राम कुमार ने साइबर अपराधों की शिकायत के लिए वेबसाइट (www.cybercrime.gov.in) और वाट्सएप नंबर (7839877207) जारी किया है।