Cyber Crime : अब बीवी या गर्लफ्रेंड से फोन करा ठगी कर रहे हैं साइबर क्रिमिनल, जामताड़ा से पकड़ी गईं महिलाओं ने सुनाई कहानी, जानें पूरा मामला

The 420 Team
5 Min Read
Follow us on Google News Follow The420.in on Google News

नई दिल्ली/जामताड़ा: Cyber Crime News साइबर ठगों ने लोगों से ठगी करने का नया ट्रेंड बदल बना दिया है। जिस तरह से किसी बैंक या कंपनी की महिला कस्टमर केयर लोगों से शालीनता से आसानी से बात कर लेती हैं। अगर कोई महिला कस्टमर केयर अच्छे से बात करे तो लोग भी उसकी बात ध्यान से सुनते हैं। इसी पैटर्न पर अब साइबर क्रिमिनल अपनी बीवीयों से बैंक कस्टमर केयर की एग्जिक्यूटिव बनाकर ठगी करा रहे हैं। इसके लिए काफी संख्या में साइबर क्रिमिनल अपनी बीवियों या फिर गर्लफ्रेंड का इस्तेमाल कर रहे हैं। महिलाएं मीठी-मीठी बातों में लोगों को बेहद कम समय फंसा लेती हैं और ठग खाता साफ कर देते हैं। कुछ ऐसे ही मामले साइबर क्राइम के लिए बदनाम झारखंड के जामताड़ा में सामने आए हैं। यहां साइबर ठगी के मामले में पुलिस की गिरफ्त में आई महिलाओं ने कुछ ऐसे ही सनसनीखेज खुलासे किए हैं।

बीवी या गर्लफ्रेंड करती हैं फोन पर बात, पति करते हैं अकाउंट साफ

साइबर अपराध के मामलों में गिरफ्तार महिलाओं ने पुलिस को बताया कि उनके पति ही उन्हें इस काम में ले आए। उनका काम लोगों से बात करके उनसे एटीएम व बैंक खाते से जुड़ी जरूरी जानकारी लेना होता है। इसके बाद उनके पति बैंक खातों से पैसा चट कर देते हैं। महिलाओं के अनुसार अधिकांश तौर पर वो बैंक अधिकारी बनकर फोन करती हैं। उन्होंने खुद का खाता भी खुलवा रखा है, जिसमें वे आसानी से पैसा ट्रांसफर करा लेती हैं।

कमाई में हुआ इजाफा, झोपड़ी छोड़ कोठी में बनाया ठिकाना

इसी तरह से लोगों को ठगकर कई दंपति काफी संपन्न हो गए हैं। पुलिस की गिरफ्त में आई एक महिला साइबर क्रिमिनल ने बताया कि वह पहले जामताड़ा के करमाटांड में रहती थी। पांच साल पहले तक वह अपने पति के साथ झोपड़ी मे रहती थी। पति ने ऑनलाइन ठगी शुरू की। तब कमाई होने लगी थी। लेकिन जब से वह खुद ट्रेनिंग लेकर कस्टमरकेयर बनकर फोन करने लगी तब से लोग आसानी से झांसे में आने लगे। इससे कमाई कई गुना बढ़ गई। जिसके बाद झोपड़ी छोड़कर कोठी बना ली। इस महिला के घर पर छापेमारी के दौरान वहां रौनक देखकर पुलिस के होश भी उड़ गए। घर में लाखों के फर्नीचर थे। सबसे महंगी स्मार्ट टीवी, महंगी घड़ी और मोबाइल फोन समेत काफी कीमती सामान बरामद हुए।

पति के कहने पर साइबर क्राइम करने को मजबूर हुई : महिला

साइबर ठगी के आरोप में गिरफ्तार जामताड़ा की सोनी ने बताया कि उसका पति ही उसे इस लाइन में लाया। उसके पति पर ठगी के कई मामले दर्ज हैं। दोनों ने लोगों को लाखों का चूना लगाया और खूब कमाई की। तीन सालों में इन्होंने पक्का मकान बनवा लिया। सोनी खाताधारक से बात करके उसे झांसे में लेती थी और उनसे पैसा मंगवाने के लिए बैंक खाते का इंतजाम करती थी। करमाटांड़ की एक अन्य महिला मनका देवी पर भी साइबर ठगी का केस दर्ज है। उसपर भी पति के साथ मिलकर लोगों को ठगने का आरोप है। दोनों महिलाओं ने पुलिस को साफ-साफ बताया कि वे यह काम पति के कहने पर करती हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें लोगों का विश्वास जीतने में ज्यादा वक्त नहीं लगता।

इस नए गैंग पर काबू पाने में जुटी स्थानीय पुलिस

कोराडीह से सकीना को गिरिडीह के गांडेय थाना पुलिस ने एक महीना पहले गिरफ्तार किया। उसपर छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा के एक व्यक्ति के खाते से 1.1 लाख रुपये उड़ाने का आरोप है। महिला के खाते में यह रकम मंगाई गई। उसने पुलिस को बताया कि गांव के एक व्यक्ति ने उसका खाता खुलवा है। पासबुक और एटीएम उसी के पास है। वही ठगी करके रुपये मंगाता और खाता से पैसे निकाल लेता। उसे इसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पकड़े जाने के बाद उसे इसके बारे में पता चला। जामताड़ा के एसपी दीपक सिन्हा ने इसे लेकर कहा कि पुलिस को संज्ञान में यह बात आई है कि साइबर ठगी में महिलाएं भी शामिल हैं। लोगों को ठगने के लिए पति अपनी बीवियों का इस्तेमाल कर रहे हैं। ऐसी महिलाओं की पहचान की जा रही है, ताकि उनपर लगाम लगाई जा सके।