भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा बोले, बेहतर गवर्नेस देखकर कमल नाथ के पेट में हो रहा दर्द

The 420 Team
3 Min Read


Follow us on Google News


Follow The420.in on Google News

भोपाल। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में बेहतर गवर्नेस देखकर उनके पेट में दर्द हो रहा है। मजदूरों पर दिए गए बयान को लेकर शर्मा ने कहा कि एक उद्योगपति और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष होने के नाते बताएं कि उन्होंने कोरोना संकट के दौरान कितने मजदूरों को मरहम लगाने का काम किया है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने बुधवार को कहा कि मध्य प्रदेश को सौगात में कोरोना का कहर परोसने वाले अब छाती पीट रहे हैं। आज जब प्रदेश भर के मजदूरों को व्यवस्थित तरीके से उनके घर पहुंचा दिया गया है, तब कांग्रेस के नेताओं का नशा काफूर हुआ है और वह व्यवस्थाओं को कोसने के लिए ओछी हरकतों पर उतर आये हैं। शर्मा ने नाथ को चुनौती दी कि हिम्मत है तो अपनी नेता सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका से पूछे कि महाराष्ट्र से मजदूरों को अमानवीय तरीके से बेदखल क्यों किया जा रहा है? जिसके कारण उत्तर के राज्यों की ओर पलायन करने के लिए मजदूर मजबूर हुए है। आज सारी दुनिया जानती है कि कांग्रेस शासित महाराष्ट्र से भगाए जा रहे मजदूरों को सिर्फ और सिर्फ मध्य प्रदेश में वाहन, भोजन, राशन, दवाई और जूते, चप्पल तक की व्यवस्था की जा रही है। भाजपा प्रियंका गांधी की तरह बसों के नाम पर आटो और मोटरसाइकिल के नंबर भेजने की जालसाजी नहीं करती है। हमारी सरकार ने अभी तक परिवहन पर लगभग 60 करोड़ रपये खर्च किया है। सच तो यह है कि मध्यप्रदेश में अच्छी व्यवस्थाएं देखकर आपके पेट में दर्द हो रहा है।

छिंदवाड़ा के लोग सांसद और विधायक को ढूंढ रहे

शर्मा ने कमलनाथ से पूछा है कि छिंदवाड़ा के लोग ही अपने सांसद और विधायक को ढूंढ रहे हैं। वहां नागरिकों ने खोजने वाले को इनाम देने के पोस्टर लगा रखे हैं। कमल नाथ और कांग्रेस के तमाम नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि मानवता से उनका दूर-दूर तक कोई रिश्ता नहीं है। जिस पार्टी ने बरसों तक झूठ, छलावे, अत्याचार और हत्याकांडों की राजनीति की हो वह दूसरे पर उंगली उठाते अच्छी नहीं लगती। जिन लोगों ने 1984 में 30 हजार सिखों को सड़को पर दौड़ा दौड़ाकर जिंदा जलाया, उनका कत्लेआम किया, वे यदि मानवता पर उपदेश दें तो शोभा नहीं देता।